16 जुलाई से शुरू होगा हरेला महाअभियान

पौड़ी। हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले व्यापक पौधरोपण महाअभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों की बैठक में विभागवार तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हरेला पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें। जिलाधिकारी ने 13 जुलाई तक गड्ढों की खुदाई, पौध वितरण, पौधरोपण स्थलों की जियो टैगिंग और आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि 16 जुलाई से अभियान सुचारु रूप से शुरू हो सके। उन्होंने पौधों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में 4 से 10 जुलाई तक आयोजित होने वाले सेवा सप्ताह की तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए सभी विभागों को जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।