गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की कैरिंग कैपेसिटी पर ड्राफ्ट रिपोर्ट का दिया प्रस्तुतीकरण

उत्तरकाशी। जिला कार्यालय उत्तरकाशी के एनआईसी कक्ष में भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के वैज्ञानिक ‘एफ’ एवं प्रधान अन्वेषक द्वारा मा० राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेशों के क्रम में तैयार की गई ड्राफ्ट रिपोर्ट का प्रस्तुतीकरण किया गया। यह रिपोर्ट उर्वशी शोभना कछारी बनाम भारत संघ प्रकरण से संबंधित है, जिसमें गंगोत्री और यमनोत्री धाम की कैरिंग कैपेसिटी का आकलन किया गया है। प्रस्तुतीकरण के दौरान मंदिर समिति, होटल एवं टैक्सी एसोसिएशन सहित अन्य हितधारकों से सुझाव प्राप्त किए गए। यमुनोत्री धाम मार्ग पर घोड़ा-खच्चरों एवं यात्रियों के लिए अलग-अलग मार्ग विकसित करने तथा लीगेसी वेस्ट हटाने का सुझाव दिया गया। होटल एसोसिएशन ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सुधार की मांग रखी। जिला प्रशासन ने जिला पंचायत को यमुनोत्री धाम में ठोस एवं लीगेसी वेस्ट के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में पर्यावरण संरक्षण और यात्रा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने पर बल दिया गया तथा सभी पक्षों से समन्वित प्रयास की अपील की गई।