कुलपति ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं

कुलपति ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं
 
 
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
श्रीनगर। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन.के. जोशी ने सम सेमेस्टर (एनईपी) एवं वार्षिक परीक्षाओं के दौरान जनपद उत्तरकाशी स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन, अनुशासन, गोपनीयता, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा उत्तर पुस्तिकाओं के रख-रखाव की समीक्षा की।
कुलपति ने परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षाएं पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। साथ ही परीक्षा केंद्रों में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
प्रो. जोशी ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल परीक्षा संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, सकारात्मक और तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना भी उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने परीक्षा की शुचिता, गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परीक्षा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़, उत्तरदायी एवं छात्र-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। साथ ही सभी परीक्षाओं की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि वे शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *