जिलाधिकारी ने हरकी पौड़ी पहुंचकर चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

हरिद्वार। चारधाम यात्रा के चरम पर पहुंचने और तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रविवार को हरकी पौड़ी पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था लगातार सुचारु रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जाम की स्थिति से बचने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। पुलिस एवं सुरक्षा बलों को भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।