कचरा और ठोस अपशिष्ट निस्तारण को लेकर डीएम मयूर दीक्षित सख्त, दिए निर्देश

कचरा और ठोस अपशिष्ट निस्तारण को लेकर डीएम मयूर दीक्षित सख्त, दिए निर्देश


हरिद्वार। कचरा एवं ठोस अपशिष्ट के उचित निस्तारण को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा गीले और सूखे कचरे के पृथक निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुनियोजित सफाई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाले कचरे के उचित निस्तारण के लिए ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने को कहा। जिलाधिकारी ने फैक्ट्रियों, होटल-ढाबों, दुकानों और चिकित्सालयों से निकलने वाले कचरे के सुरक्षित निस्तारण हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही प्लास्टिक कचरा, मेडिकल वेस्ट, सैनिटरी नैपकिन और डायपर के पृथक निस्तारण के लिए कूड़ा वाहनों में चार अलग-अलग कंटेनर रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देशित किया कि फैक्ट्रियों द्वारा अपशिष्ट निस्तारण नियमों का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता बढ़ाने के लिए निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार होने के कारण स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *