प्रेमनगर लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में युवक से लूट और मारपीट की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी मृदुल गुरुंग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में लूटा गया आईफोन बरामद किया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
8 मई 2026 को विनोद कुमार ने कोतवाली प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 मई की देर रात उनका पुत्र आकाश, जो आईटी पार्क में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग पर घर जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान दो स्कूटी सवार युवकों ने उसे जबरन अपने साथ ले जाकर प्रेमनगर के जामुनवाला क्षेत्र में मारपीट की और दो मोबाइल फोन व 600 रुपये लूट लिए। मारपीट के दौरान युवक पुल से नीचे गिर गया और घायल हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने करीब 110 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और जांच के बाद 12 मई को आरोपी मृदुल गुरुंग को मीठी बेरी रोड, प्रेमनगर से गिरफ्तार किया। उसके पास से लूटा गया आईफोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अस्मित थापा के साथ मिलकर शराब और नशे के लिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब फरार दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।