श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026: सुरक्षा व व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो रही है। यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शनिवार को जिलाधिकारी ’’विशाल मिश्रा’’ की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सड़क, परिवहन, स्वास्थ्य, पुलिस, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, विद्युत एवं संचार सहित सभी विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में समयबद्ध उपचारात्मक कार्य, सड़कों की मरम्मत, साइन बोर्ड, क्रैश बैरियर व डायवर्जन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौरीकुंड से केदारनाथ तक पैदल मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, रैन शेल्टर, सफाई तथा नेटवर्क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। बिना पंजीकरण घोड़ा-खच्चरों पर रोक, बीमा अनिवार्यता और तीन चेक प्वाइंट बनाने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 15 अस्पतालों के संचालन व आपात हेलीकॉप्टर एंबुलेंस व्यवस्था की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित सभी अधिकारियों ने विभागीय दायित्वों पर प्रस्तुतिकरण दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।