जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में 245 लोग लाभान्वित

हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विकासखंड बहादराबाद की न्याय पंचायत लालढांग स्थित लाला ओम प्रकाश ज्ञान दीप कन्या इंटर कॉलेज में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी.आर. चौहान ने की।
शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से 245 क्षेत्रवासियों को लाभान्वित किया गया, जबकि 72 लोगों को विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में कुल 560 लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 68 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, शेष शिकायतों को समयबद्ध समाधान हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया। मुख्य अतिथि विधायक हरिद्वार ग्रामीण अनुपमा रावत ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। शिविर में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।