केदारनाथ धाम यात्रा 2026 से व्यापार स्तर पर चलाएं विशेष स्वच्छता अभियान

रूद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यप्रद वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। यात्रा के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उच्चस्तरीय स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों, ग्राम पंचायतों एवं संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, मार्गों, बाजारों, पार्किंग, शौचालयों, पेयजल स्रोतों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रतिदिन की प्रगति आख्या फोटो सहित जिला कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।