सीनियर सिटीजन वेलफेयर समिति के पदाधिकारियों ने ली शपथ

हरिद्वार। सीनियर सिटीजन वेलफेयर समिति (रजिस्टर्ड) हरिद्वार का शपथ ग्रहण एवं वरिष्ठतम नागरिक सम्मान समारोह प्रेस क्लब भवन में भव्य रूप से आयोजित हुआ। कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी, जस्टिस राजेश टंडन एवं दर्जा प्राप्त मंत्री नवीन चंद्र वर्मा ने नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ।
मुख्य अतिथि नवीन चंद्र वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि जस्टिस राजेश टंडन ने वरिष्ठजनों से अपने अनुभव समाज हित में लगाने का आह्वान किया। महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेंशन बढ़ाने की आवश्यकता बताई। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को शाल व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मीडिया प्रभारी सुभाष कपिल ने किया।