संत की गुमशुदगी का खुलासा: हत्या के आरोप में पति-पत्नी सहित तीन गिरफ्तार

संत की गुमशुदगी का खुलासा: हत्या के आरोप में पति-पत्नी सहित तीन गिरफ्तार


हरिद्वार। गुमशुदा संत महात्मा बृजेश दास की तलाश में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच में सामने आया कि संत की गुमशुदगी दरअसल सुनियोजित हत्या थी। इस मामले में हरिद्वार पुलिस ने पति-पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
10 फरवरी 2026 को ग्राम मोहम्मद बेगपुर उर्फ टकाभरी निवासी श्याम सिंह ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर दी थी कि रविदास आश्रम में रहने वाले महात्मा बृजेश दास 5 फरवरी से लापता हैं। मामले की जांच में थाना भगवानपुर और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने तकनीकी और स्थानीय सुराग जुटाए। पड़ताल में पता चला कि संत अंतिम बार बागपत निवासी एक महिला के संपर्क में थे। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि पुराने परिचय के चलते संत का उसके घर आना-जाना था। कथित मानसिक और आर्थिक दबाव से परेशान होकर 5 फरवरी को महिला ने संत को घर बुलाया, जहां उसके पति ने कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। बाद में शव और मोटरसाइकिल को कृष्णा नदी में बहा दिया गया तथा सबूत नष्ट करने का प्रयास किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर शव, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *