जल जीवन मिशन की समीक्षा कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के दिए निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को स्वीकृत योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने फेज-2 की प्रगतिरत योजनाओं को तेजी से पूरा कराने, टीपीआई थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कार्मिकों को गांवों में हर घर जल सर्वेक्षण शीघ्र पूरा कर वास्तविक रिपोर्ट समय से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जल जीवन मिशन से संबंधित शिकायतों का तत्काल निस्तारण कर रिपोर्ट देने, हर घर जल सर्टिफिकेशन एवं पेयजल स्रोतों की जियो टैगिंग में प्रगति लाने पर जोर दिया। आंगनबाड़ी केंद्रों व स्कूलों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में बताया गया कि 571 योजनाओं में से 472 पूर्ण हो चुकी हैं तथा 99 पर कार्य जारी है।