केवल राजनेता नहीं, बल्कि विचार और संवेदना के प्रतीक थे अटल बिहारी
हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य के निर्माता एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर द्वारा अटल वाटिका चौक पर भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी का अवलोकन नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा एवं भाजपा जिला सह प्रभारी दीपक धमीजा ने किया। प्रदर्शनी में अटल जी के राजनीतिक जीवन, कवि व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में योगदान तथा उत्तराखंड राज्य गठन में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को चित्रों व संदेशों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल राजनेता नहीं, बल्कि विचार और संवेदना के प्रतीक थे। उत्तराखंड राज्य निर्माण उनकी दूरदर्शिता का जीवंत उदाहरण है।
वहीं दीपक धमीजा ने कहा कि अटल जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रदर्शनी आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से जोड़ने का सार्थक प्रयास है।