सड़क हादसे ने छीनी दो परिवारों की खुशियां, दो दोस्तों की मौत

 
पट्टी उपली क्षेत्र में हुआ हादसा, क्षेत्र में पसरा मातम
 
लंबगांव।  विकासखंड प्रतापनगर के पट्टी उपली क्षेत्र में बीती शाम एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना ने दो मासूम जिंदगियां छीन लीं। घटना कौडार–दीनगांव मुखेम मोटर मार्ग पर ओनालगांव के समीप हुई, जहां 19 वर्षीय बालकृष्ण पुत्र गोविंद सिंह राणा (निवासी मुखमालगांव, पट्टी उपली रमौली) और 17 वर्षीय विपिन पुत्र अजय पोखरियाल (निवासी पोखरी, पट्टी उपली रमौली) की बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
 
 
दोनों युवक आधार कार्ड बनवाने के लिए उत्तरकाशी गए थे और घर लौटते समय शाम करीब 7:30 बजे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही ओनालगांव निवासी सुरेश सिंह ने लंबगांव थाने को खबर दी। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र रौतेला अपनी टीम सहित तत्काल मौके पर पहुंचे और रात में ही स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाला गया। जिलाधिकारी के आदेश पर आवश्यक कार्यवाही के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिए गए।
 
इस दर्दनाक हादसे की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और मातम पसर गया। हर आंख नम हो उठी, हर दिल दहल गया। गांव के लोग घरों से बाहर निकल आए, किसी के आंसू रुक नहीं रहे थे, तो कोई दोनों मासूमों की मासूमियत और अधूरी रह गई जिंदगी को कोस रहा था।
 
घटना पर क्षेत्रीय विधायक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार, ब्लाक प्रमुख मनीषा पंवार, पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रदीप रमौला, जिला पंचायत सदस्य विजय रविंद्र पंवार, ज्येष्ठ प्रमुख प्रकाश रमौला, कनिष्ठ प्रमुख विशन सिंह रांगड़, व्यापार मंडल अध्यक्ष युद्धवीर राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख प्रकट किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
 
दोनों नौजवान अपने परिवारों का सहारा थे, जिनके सपनों और भविष्य को यह हादसा निगल गया। अब गांव में सिर्फ उनकी यादें रह गई हैं और सवाल—क्यों इतनी जल्दी चले गए ये मासूम?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *