कैबिनेट मंत्री ने आधुनिक पुस्तकालय का लोकार्पण कर किया छात्र-छात्राओं को सम्मानित
रूद्रप्रयाग। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत अपने एक दिवसीय भ्रमण के दौरान विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में जनपद के प्रथम आधुनिक पुस्तकालय का लोकार्पण कर छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
इस मौके पर उन्होंने बताया कि इस पुस्तकालय से छात्र-छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा, विशेषकर वे विद्यार्थी जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इस सुविधा से न केवल पठन-पाठन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता में भी सुधार होगा। इसके उपरांत शिक्षा मंत्री धन सिंह ने अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में भाग लिया। इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने 42 टॉपर्स को प्रतीक चिह्न एवं प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक भरत सिंह चौधरी, विधायक आशा नौटियाल, जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी डॉ.जी.एस खाती, उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेन्द्र सिंह बिष्ट, उप शिक्षा अधिकारी तनुजा देवरानी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, शिक्षकगण, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।