सीओ ने किया कोतवाली धरासू का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण

उत्तरकाशी। पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार ने शुक्रवार को कोतवाली धरासू का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर साफ-सफाई, पुलिस व्यवस्थाओं, अभिलेखों और विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। इस दौरान लंबित विवेचनाओं एवं माल मुकदमाती की समीक्षा कर उनके गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों के अनावरण तथा सीसीटीएनएस और सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। निरीक्षण के बाद पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनते हुए अनुशासन बनाए रखने, अभिलेखों को अद्यतन रखने और आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुप नयाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।