शिविर में बालिका अधिकारों की दी जानकारी

पौड़ी। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज उज्याड़ी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम के निर्देशन में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, बालिका अधिकारों, समानता और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। सचिव नाज़िश कलीम ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। तनाव होने पर विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं अभिभावकों, शिक्षकों या विशेषज्ञों से साझा करनी चाहिए। डॉ. आशीष गुसाईं ने मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन के प्रति जागरूक किया, जबकि अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत ने बाल विवाह, बाल श्रम और लैंगिक भेदभाव से जुड़े कानूनी प्रावधान बताए। शिविर में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य हरेंद्र सिंह, मनमोहन देवली, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।