व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़, सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग, व्यापारी हितों के लिए कीं 8 महत्वपूर्ण घोषणाएं
सुुमित तिवारी उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून/हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित उत्तराखंड प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन  का दीप जलाकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर प्रदेशभर से आए व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है। व्यापारी केवल वस्तुओं के क्रय-विक्रय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और राष्ट्र की आर्थिक शक्ति को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े उद्योगों से लेकर छोटे दुकानदारों तक, प्रत्येक व्यापारी प्रदेश की आर्थिक प्रगति में अपना योगदान दे रहा है। कोविड-19 जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी व्यापारियों ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। उन्होंने व्यापारी वर्ग को देश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

भयमुक्त एवं पारदर्शी व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों को केवल करदाता नहीं, बल्कि विकास का भागीदार मानती है। सरकार का उद्देश्य व्यापारियों के लिए भयमुक्त, सुरक्षित और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अनावश्यक प्रक्रियाओं और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। व्यापारियों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।
व्यापारी हितों के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मेलन में व्यापारियों के हितों से संबंधित महत्वपूर्ण घोषणाएं की।
1-प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
2-व्यापारियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें आयोजित कराई जाएंगी।
3- जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पात्र व्यापारियों के आश्रित समय पर बीमा दावे की प्रक्रिया पूरी कर सकें।
4-पर्यटन व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल बनाई जाएगी तथा सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की जाएगी।
5-पर्यटन बहुल क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होम स्टे सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार एवं आय के अतिरिक्त अवसर प्राप्त हो सकें।
6-चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे यात्रियों और व्यापारियों को सुविधा मिल सके।
7-राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों तथा अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों एवं नालियों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से कराया जाएगा।
8-व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राज्य अध्यक्ष नवीन वर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष विष्णु शर्मा, सचिव बिट्टू पालीवाल, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्ज़ा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू सहित व्यापारी आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *