प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में जनसुविधाओं के विस्तार पर हुई चर्चा
रुद्रप्रयाग। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसुविधाओं, यात्री सुविधाओं और अवस्थापना विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। जनपद में 50 स्ट्रीट लाइटें, यात्रा मार्ग पर 50 बेंच तथा महिला तीर्थयात्रियों एवं स्थानीय महिलाओं के लिए दो आधुनिक पिंक टॉयलेट बनाने के प्रस्ताव पर विचार हुआ। प्रत्येक विकासखंड में सिटी पार्क अथवा खेल मैदान विकसित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद अथवा किराये पर लेने, राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर 50 मीटर क्षेत्र को प्राधिकरण के क्षेत्राधिकार में शामिल करने तथा पीआरडी के माध्यम से डाटा एंट्री ऑपरेटर की सेवाएं लेने संबंधी प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। आयुक्त ने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।