प्रतियोगिता 2026-27 का बिड़ला परिसर श्रीनगर में शुभारंभ

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर श्रीनगर में अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में परिसर निदेशक प्रो. हरिभजन सिंह चौहान, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं, प्रो. जेपी मेहता एवं डॉ. मुकुल पंत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रो. चौहान ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्षशीलता का विकास होता है। प्रतियोगिता में बिड़ला परिसर श्रीनगर और स्वामी रामतीर्थ परिसर टिहरी की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर शिक्षक, खेल अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।