दून पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब तस्करी में पांच गिरफ्तार

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नौ पेटी के करीब अवैध देशी शराब बरामद की गई है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और स्कूटी भी सीज की गई है।
पुलिस के अनुसार, पटेलनगर थाना क्षेत्र में रंजन कुमार को 225 टेट्रा पैक अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। रायवाला क्षेत्र में नितिन बाल्मिकी, रामपाल और आकाश कुमार को कुल 152 टेट्रा पैक शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं, कैंट थाना क्षेत्र में सुहैल को 53 टेट्रा पैक अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।