हरिद्वार में एमएसएमई उद्यमियों से संवाद, स्कूली बच्चों के नवाचारों को सराहा

हरिद्वार। जिला उद्योग केंद्र के तत्वावधान में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज के तहत सिडकुल स्थित प्योर एंड केयर हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम्य विकास एवं एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने उद्यमियों, औद्योगिक संगठनों और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने स्टार्टअप और नवाचार आधारित विचार प्रस्तुत किए। मंत्री और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में सफल उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया। क्लाउड किचन, मशरूम उत्पादन, मुर्गी पालन, सॉफ्ट टॉय और हस्तशिल्प से जुड़े उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के प्रयासों की जानकारी दी। औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जलापूर्ति, सड़क, बिजली, एमएसएमई नीति-2023 के तहत सब्सिडी एवं प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों और भूमि क्रय से जुड़े लंबित मामलों को उठाया। मंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के समापन पर मंत्री ने स्वरोजगार की दिशा में कार्य कर रही महिलाओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए और उन्हें अपने कौशल को व्यवसाय के रूप में विकसित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।