राफ्टिंग एक्सपीडिशन-2026 को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
देहरादून। आर्मी सर्विस कोर द्वारा साहस, दृढ़ता, अनुशासन और दल भावना को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से आयोजित व्हाइट वॉटर राफ्टिंग एक्सपीडिशन-2026 को मंगलवार को देहरादून से रवाना किया गया। मेजर जनरल पी.के. तिवारी, एमजीएएससी, मध्य कमान ने 16 सदस्यीय अभियान दल को ध्वज दिखाकर रवाना किया।
अभियान 7 से 11 अक्टूबर तक चलेगा। दल रुद्रप्रयाग से ऋषिकेश तक करीब 145 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण नदी यात्रा पूरी करेगा। दल में दो अधिकारी, दो जूनियर कमीशंड अधिकारी और 12 अन्य रैंक के जवान शामिल हैं। अभियान की वास्तविक यात्रा 7 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग से शुरू होगी और धारी देवी, श्रीनगर, देवप्रयाग तथा कौड़ियाला होते हुए ऋषिकेश पहुंचेगी। अभियान दल ने 21 सितंबर से 3 अक्टूबर तक रायवाला में विशेष श्वेत जल नौका प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अलकनंदा और गंगा की तेज धाराओं में आयोजित यह अभियान सैन्यकर्मियों की नेतृत्व क्षमता, शारीरिक एवं मानसिक दृढ़ता और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता को प्रदर्शित करेगा। अभियान का समापन 11 अक्टूबर को ऋषिकेश में होगा।