जनता दरबार में सुनी लोगों की समस्याएं, निस्तारण के दिए निर्देश

जनता दरबार में सुनी लोगों की समस्याएं, निस्तारण के दिए निर्देश


रुद्रप्रयाग। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनता मिलन एवं जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सड़क, पेयजल, विद्युत, आवास और मुआवजा सहित विभिन्न मामलों से संबंधित 33 शिकायतें एवं मांगें सामने आईं, जिनमें 13 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रकरण संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजे गए। आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन 1905 पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम पोर्टल पर आंशिक रूप से बंद प्रकरणों को दोबारा जांचकर समाधान करने को कहा। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयुक्त ने एक टीबी मरीज को गोद लेकर उपचार एवं पोषण के लिए सहायता उपलब्ध कराई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


जनसमस्याओं का प्राथमिकता पर करें निस्तारण

चमोली। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। लोक निर्माण, स्वास्थ्य, बिजली, वन, जल निगम, पीएमजीएसवाई, शिक्षा, समाज कल्याण, पुलिस, खाद्य आपूर्ति, पर्यटन, कृषि एवं पशुपालन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 28 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। सीडीओ ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


22 जनप्रकरणों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

पौड़ी। अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, वन, परिवहन, स्वास्थ्य और नगर निकायों से संबंधित 22 प्रकरण सामने आए। एडीएम ने अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकतानुसार संयुक्त निरीक्षण कर कार्रवाई आगे बढ़ाने तथा पूर्व में प्राप्त प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की। खिर्सू में पेयजल लाइन, ग्वाड़ में जर्जर विद्युत पोल, पौड़ी में पेयजल आपूर्ति, कल्जीखाल में सड़क मरम्मत एवं बस संचालन सहित विभिन्न मामलों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने शिकायतों पर नियमित फॉलोअप कर आवेदकों को प्रगति से अवगत कराने को कहा।


सीडीओ ने दिए शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

टिहरी। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सड़क, बिजली, पेयजल, मुआवजा, पेंशन सहित विभिन्न मामलों से संबंधित 56 शिकायतें प्राप्त हुईं। सीडीओ ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क कर निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेने तथा उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने को कहा। जनसुनवाई में सीएमओ डॉ. राम प्रकाश सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *