गढ़वाल आयुक्त ने की केदारनाथ धाम यात्रा की एसओपी की समीक्षा
रुद्रप्रयाग। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने जिला कार्यालय सभागार में केदारनाथ धाम यात्रा की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की समीक्षा की। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने भीड़ प्रबंधन, सुगम दर्शन, पार्किंग, होल्डिंग एरिया तथा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
आयुक्त ने संचार व्यवस्था मजबूत करने, होल्डिंग एरिया में डिस्प्ले बोर्ड लगाने तथा स्थायी होल्डिंग सेंटर विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन के लिए विशेषज्ञ की नियुक्ति, स्पर्श दर्शन व्यवस्था बेहतर करने तथा वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर सेवाओं में प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने यात्रा मार्ग एवं केदारनाथ धाम में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण के निर्देश दिए। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए वर्षभर नियमित अभियान चलाने और दवाइयों की जांच के निर्देश दिए। साथ ही 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने, आपदा प्रभावित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।