कुंभ-2027 के लिए सुदृढ़ हो रहा हरिद्वार का सड़क तंत्र, निर्बाध होगा यातायात

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 में श्रद्धालुओं के सुगम, सुरक्षित और निर्बाध आवागमन के लिए हरिद्वार के सड़क तंत्र को व्यापक स्तर पर सुदृढ़ किया जा रहा है। शहर की आंतरिक सड़कों सहित प्रमुख संपर्क मार्गों के चौड़ीकरण, नवीनीकरण, सुदृढ़ीकरण और फुटपाथ निर्माण के कार्य तेजी से चल रहे हैं।
हरिद्वार शहर में लोक निर्माण विभाग के अधीन करीब 14.70 किलोमीटर सड़कों के बीसी नवीनीकरण और फुटपाथ निर्माण के लिए 21.64 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक 3 किलोमीटर मार्ग का 3.93 करोड़ तथा बंगाली मोड़ से झंडा चौक, श्रीयंत्र मंदिर होते हुए बूढ़ीमाता मंदिर तक 2.885 किलोमीटर मार्ग का 3.94 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराया जा रहा है। वहीं शंकराचार्य चौक, देवपुरा, चंद्राचार्य और आर्यनगर चौक सहित अन्य आंतरिक मार्गों के 6.90 किलोमीटर हिस्से में 6.44 करोड़ रुपये से कार्य जारी है।
आईरिस पुल से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग तक 6.74 किलोमीटर मार्ग का 3.91 करोड़ रुपये से नवीनीकरण किया जा रहा है। ज्वालापुर-ललताराव-चंडीघाट मार्ग के करीब 7 किलोमीटर हिस्से के लिए 4.27 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं।
इसके अलावा पुराना आरटीओ चौक से भारत माता मंदिर तक सीसी मार्ग, मध्य हरिद्वार में 5.78 करोड़ तथा कनखल में 1.99 करोड़ रुपये से आंतरिक मार्गों के विकास की योजनाएं प्रस्तावित हैं। हरिद्वार डिवीजन में करीब 78 किलोमीटर लंबाई की 12 सड़कों को भी बेहतर बनाया जा रहा है। इनमें बहादराबाद-सिडकुल मार्ग और पतंजलि योगपीठ से फेरूपुर तक का मार्ग प्रमुख हैं।
इन कार्यों से कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने के साथ स्थानीय नागरिकों के लिए भी दीर्घकालीन बेहतर यातायात व्यवस्था विकसित होगी।