कीर्तिनगर में केला चिप्स निर्माण से महिलाओं ने खड़ा किया रोजगार का नया जरिया

टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर विकासखंड के ग्राम चौकी की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर स्वरोजगार की नई राह तैयार की है। माणिकनाथ स्वायत्त सहकारिता के माध्यम से संचालित केला चिप्स निर्माण इकाई की शुरुआत 22 फरवरी 2026 को ग्रामोत्थान-रीप परियोजना के सहयोग से हुई। करीब 10 लाख रुपये की लागत से स्थापित इकाई में 6 से 7 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उत्पादन, पैकेजिंग और बिक्री से जुड़ी हैं।
डीपीएम रीप बीके भट्ट ने बताया कि फरवरी से सितंबर 2026 तक इकाई ने 1,45,700 रुपये का व्यवसाय किया और करीब 20,500 रुपये की शुद्ध बचत अर्जित की। उन्होंने बताया कि पहले समूह से जुड़ी महिलाएं लगभग 100 रुपये मासिक तक बचत करती थीं, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से उनकी आय और बचत दोनों बढ़ रही हैं। समूह मोबिलाइजर प्रीति के अनुसार, इस पहल से करीब 400 से 500 महिलाएं प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हैं। इकाई के लिए कच्चा केला और अन्य सामग्री स्थानीय महिलाओं से खरीदी जाती है, जिससे उन्हें भी आय का अवसर मिल रहा है। प्रतिदिन 6 से 7 महिलाएं इकाई में कार्य करती हैं। समूह से जुड़ी राखी और प्रीति ने बताया कि परियोजना से मिली मशीनरी और सहयोग ने उन्हें रोजगार के साथ आत्मनिर्भर बनने का भरोसा दिया है। बाजार में मांग बढ़ने के साथ महिलाएं उत्पादन और बिक्री का विस्तार करने में जुटी हैं। यह पहल स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बन रही है।