काशी में शंकराचार्य के सान्निध्य में होगा शारदीय नवरात्र उत्सव

देहरादून/वाराणसी। ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के सान्निध्य में 11 से 20 अक्टूबर तक काशी स्थित श्रीविद्यामठ में शारदीय नवरात्र उत्सव आयोजित होगा। इस दौरान प्रतिदिन भगवती राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी का विशेष पूजन-अर्चन, गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की कामना से नवचंडी पाठ और श्रीविद्या साधना शिविर आयोजित किए जाएंगे। शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि प्रतिदिन वैदिक आचार्यों द्वारा नवचंडी पाठ, श्रीविष्णु पूजन और भगवती त्रिपुर सुंदरी का विशेष अर्चन किया जाएगा। सायंकाल शंकराचार्य जी महाराज भगवती की लीलाओं पर प्रवचन देंगे और महाआरती होगी। आयोजन में देशभर से उनके दीक्षित शिष्य और संत शामिल होंगे।