आत्मनिर्भर बनीं विजया देवी, प्रतिमाह कमा रहीं 25 हजार रुपये

चमोली। जनपद चमोली के पोखरी विकासखंड की प्रगतिशील कृषक विजया देवी एकीकृत कृषि पद्धति अपनाकर प्रतिमाह करीब 25 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग से उन्होंने सब्जी उत्पादन, पुष्प उत्पादन, एग्रोफोरेस्ट्री और कीवी उत्पादन को एक ही कृषि मॉडल में शामिल कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है।
विजया देवी वर्षभर विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन करती हैं। इसके साथ ही फूलों और कीवी की खेती से आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए हैं। वह कीवी से जैम और अचार जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद भी तैयार कर रही हैं, जिससे बेहतर आमदनी की संभावनाएं बढ़ी हैं। ग्रामोत्थान परियोजना के तहत उन्हें 75 हजार रुपये की सहायता राशि और 1.50 लाख रुपये का ऋण मिला। इसके अतिरिक्त उन्होंने अपने संसाधनों से 93,500 रुपये का निवेश कर कृषि गतिविधियों का विस्तार किया। कृषि प्रबंधन और मूल्य संवर्धन से जुड़े प्रशिक्षणों ने भी उनके कौशल को बढ़ाया है। विजया देवी का एकीकृत कृषि मॉडल महिला कृषकों के लिए प्रेरणादायी है। उनका लक्ष्य कृषि आधारित उद्यम का विस्तार कर इसे टिकाऊ और लाभकारी बनाना है।