महिलाएँ गोबर और जड़ी-बूटियों से बना रही पर्यावरण मित्र दीपक व धूप

रूद्रप्रयाग। दीपावली के उत्सव को और विशेष बनाने के लिए जनपद रूद्रप्रयाग की महिलाएँ रचनात्मक पहल कर रही हैं। ब्लॉक जखोली के जय रुद्रनाथ स्वयं सहायता समिति जवाड़ी से जुड़ी हिमाद्री महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाएँ बद्री गाय के गोबर से पर्यावरण मित्र दीपक और जड़ी-बूटियों से धूप तैयार कर रही हैं।
अध्यक्ष गुड्डी देवी ने बताया कि अब तक 3000 से अधिक दीपक तैयार किए जा चुके हैं, जिनकी बाजार में अच्छी मांग है। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता और आजीविका के अवसर मिले हैं। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। गोबर आधारित दीये न केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक हैं, बल्कि स्थानीय संसाधनों के उपयोग से आर्थिक सशक्तिकरण और रोजगार सृजन में योगदान दे रहे हैं।