वोट चोर-गद्दी छोड़ महारैली की सफलता पर केंद्रीय नेतृत्व को बधाई, कार्यकर्ताओं का आभार: गणेश गोदियाल
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रविवार को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल “वोट चोर-गद्दी छोड़” महारैली की अपार सफलता के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को बधाई देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड के कोने-कोने से हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं की दिल्ली में उपस्थिति ने संगठन की मजबूती को दर्शाया है। महारैली में कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि भारतीय जनता पार्टी की संविधान विरोधी नीतियों तथा संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग के खिलाफ राहुल गांधी जी की निडर और समझौताहीन लड़ाई में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक हितों के लिए उपयोग किए जाने से जनता में असंतोष बढ़ा है। ऐसे में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करना होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने वरिष्ठ नेताओं, पूर्व सांसदों-विधायकों, एआईसीसी व पीसीसी सदस्यों, जिला, महानगर, ब्लॉक व नगर अध्यक्षों, अनुषांगिक संगठनों तथा सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को महारैली की सफलता में योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।