सरपंचों की बैठक में वन पंचायत चुनाव व मांगों पर हुई चर्चा

चमोली। सोमवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनपद के सरपंचों की ऑनलाइन व ऑफलाइन बैठक आयोजित हुई। बैठक में बद्रीनाथ वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी सर्वेश कुमार दुबे ने वन पंचायतों से जुड़ी मांगों व विभागीय प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक बंदर बंध्याकरण के 2700 लक्ष्य के सापेक्ष 1703 बंदरों को हरिद्वार भेजा गया है तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष के प्रकरणों में मुआवजा दिया जा रहा है। जनपद में 852 वन पंचायतें कार्यरत हैं, जिनमें 304 में चुनाव शेष हैं। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को समन्वय बनाकर समयबद्ध चुनाव, अतिक्रमण रोकने व वनाग्नि सुरक्षा के निर्देश दिए। सरपंचों ने मानदेय, फायरमैन नियुक्ति, माइक्रो प्लान, सोलर लाइट व बजट पारदर्शिता जैसी मांगें रखीं, जिन पर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।