मेला क्षेत्र 10 जोन व 33 सेक्टर में विभाजित

हरिद्वार। हरिद्वार में वैशाखी स्नान एवं सद्भावना सम्मेलन को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने ऋषिकुल ऑडिटोरियम में मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी कर्मियों को मुस्तैदी, संयम और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा के दृष्टिगत मेला क्षेत्र को 10 जोन और 33 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड 24 घंटे एंटी-सबोटाज चेकिंग करेंगे, जबकि जल पुलिस घाटों पर सतर्क रहेगी।

भीड़ नियंत्रण हेतु वैकल्पिक मार्गों का उपयोग, घुड़सवार पुलिस की तैनाती और राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष यातायात योजना लागू रहेगी। पर्व अवधि में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। महिला घाटों, मनसा देवी और चंडी देवी मंदिरों में विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस को श्रद्धालुओं के साथ शिष्ट व्यवहार और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।