श्रीनगर में 24 घंटे होगी पेयजल आपूर्ति, कैबिनेट मंत्री ने दिए निर्देश

श्रीनगर में 24 घंटे होगी पेयजल आपूर्ति, कैबिनेट मंत्री ने दिए निर्देश


श्रीनगर गढ़वाल। नगर क्षेत्र व आस-पास के गांवों में आम लोगों को जल्द ही पेयजल संकट से राहत मिलेगी। राज्य सरकार ने श्रीनगर नगर क्षेत्र में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शासकीय आवास पर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पेयजल योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर में दिन में दो बार पानी की सप्लाई होती है, फिर भी कई क्षेत्रों में संकट जारी है। 24 घंटे जलापूर्ति से नगर क्षेत्र में पानी की समस्या समाप्त होगी और पाइपलाइन लीकेज का समाधान भी समय पर किया जा सकेगा। उन्होंने कण्डारस्यूं-पैठाणी, बिडोली ग्राम समूह और चुणखेत पम्पिंग योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। ढिकाल गांव को एनआईटी सुमाड़ी पेयजल योजना से जोड़ने का भी आदेश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन तीनों योजनाओं के लिए फॉरेस्ट क्लियरेंस मिल चुकी है और कार्य अंतिम चरण में हैं। कण्डारस्यूं-पैठाणी योजना 15 मार्च तक पूरी की जाएगी। कलियासौड और बिलकेदार योजना को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। थलीसैण नगर पंचायत योजना का कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। बैठक में अपर सचिव अपूर्वा पाण्डे, मुख्य अभियंता अनुपम रतन और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *