होली पर ट्रेनों में रही जबरदस्त भीड़, एसी-स्लीपर फुल, जनरल डिब्बों में ठसाठस भरे नजर आए यात्री

देहरादून/हरिद्वार। होली का उत्साह बढ़ने के साथ ही देहरादून से पूर्वांचल और अन्य राज्यों को जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। अधिकांश ट्रेनों के एसी और स्लीपर कोच पूरी तरह फुल हैं और लंबी वेटिंग चल रही है। सीट कंफर्म न होने से परेशान यात्री जनरल कोच का सहारा ले रहे हैं, जहां स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
देहरादून में नौकरी करने वाले उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों के लोग होली मनाने के लिए अपने घरों को लौट रहे हैं। पूर्वांचल रूट की प्रमुख ट्रेनोंकृउपासना एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस, लिंक एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस और राप्ती गंगा एक्सप्रेस में जनरल कोच तक पैक हैं। लंबी वेटिंग के कारण कई यात्रियों की सीट कंफर्म होने की उम्मीद खत्म हो गई है, जिससे जनरल डिब्बों में भीड़ और बढ़ गई है।
स्थिति यह है कि कई यात्री डिब्बों के फर्श पर बैठकर या दरवाजे पर खड़े होकर सफर करने को मजबूर हैं। लिंक एक्सप्रेस दोपहर 1ः50 बजे सूबेदारगंज के लिए रवाना हुई तो प्लेटफॉर्म पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जनरल कोच भरते ही यात्रियों ने फर्श पर बैठकर यात्रा शुरू की। वहीं राप्ती गंगा एक्सप्रेस 3ः15 बजे गोरखपुर के लिए रवाना हुई, जिसमें चढ़ने को लेकर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। भीड़ नियंत्रित करने के लिए रेलवे पुलिस और जीआरपी को अतिरिक्त फोर्स तैनात करनी पड़ी। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच यात्रियों को सतर्कता और संयम बरतने की सलाह दी जा रही है।

रोडवेज को नहीं मिले अपेक्षित संख्या में यात्री
उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) ने होली के मद्देनजर करीब 300 बसें अतिरिक्त संचालन के लिए रिजर्व रखीं, लेकिन अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिले। देहरादून-दिल्ली रूट पर सामान्य दिनों से भी कम यात्री दिखे। केवल लखीमपुर खीरी के लिए एक अतिरिक्त बस संचालित की गई।