सेलाकुई क्षेत्र में बंद घर से हुई चोरी का खुलासा, 2 अभियुक्त गिरफ्तार

देहरादून। थाना सेलाकुई पुलिस ने हाल ही में हुए घर में चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। शिकायतकर्ता श्री अमर सिंह बारवाल के घर से ज्वैलरी और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी होने की जानकारी पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के माध्यम से आरोपियों की पहचान की।
मंगलवार को राजा रोड तिराहे से मुखबिर सूचना के आधार पर अनुज कुमार (19 वर्ष) और मोहित ठाकुर (19 वर्ष) को चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार किया गया। घटना में शामिल एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने नशे की आदत और अपने शौक के लिए चोरी करने की बात कबूली। बरामद सामान में ज्वैलरी, 2 लैपटॉप, 5 स्पीकर, प्रोजेक्टर, साउंड मिक्सर, 3 माइक, एलईडी टीवी, माइक्रोवेव और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पीडी भट्ट, उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, मीना रावत, कांस्टेबल उपेंद्र, सोहन, सुधीर और मुकेश शामिल रहे।