शिक्षा के उच्च मानकों हेतु विद्यालय को मिले आधुनिक संसाधन

हरिद्वार। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नवोदय नगर, हरिद्वार में सीएसआर के अंतर्गत किरबी संस्थान द्वारा आधुनिक शैक्षणिक उपकरणों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि शिक्षा संस्थानों का समुचित विकास ही आगामी पीढ़ी को सशक्त बनाता है। शिक्षा में किया गया निवेश कभी व्यर्थ नहीं जाता, बल्कि राष्ट्र के भविष्य की नींव मजबूत करता है।
विद्यालय को सौर ऊर्जा से संचालित एलईडी लाइट्स, कंप्यूटर, प्रिंटर, प्रोजेक्टर, साउंड सिस्टम, स्टील अलमारी, कुर्सी-मेज, किचन रैक तथा विद्यालय का साइनबोर्ड प्रदान किया गया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी ने विद्यालय की निरंतर प्रगति की सराहना की। किरबी संस्थान के डीजीएम धीरेंद्र सिंह चौहान ने आगे भी सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रधानाध्यापक विनय कुमार ने कहा कि इस सहयोग से छात्र-छात्राओं का भविष्य उज्ज्वल होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।