घर का ताला तोड़कर सोने का गुलबंद चोरी करने वाला आरोपी व जौहरी गिरफ्तार

गोपेश्वर। सुभाषनगर क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर सोने का गुलबंद चोरी करने की घटना का गोपेश्वर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ चोरी का माल खरीदने वाले जौहरी को भी गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 को पूजा देवी निवासी सुभाषनगर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 11 मार्च को घर खाली होने के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने ताला तोड़कर अलमारी में रखा करीब 2.50 लाख रुपये का सोने का गुलबंद चोरी कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध प्रकाश आर्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने गुलबंद 10 हजार रुपये में मंदिर मार्ग स्थित जौहरी ध्रुव रस्तोगी को बेच दिया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।