50 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ी गई सुपरवाइजर
हरिद्वार। सतर्कता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की ग्रामीण द्वितीय कार्यालय की सुपरवाइजर राखी सैनी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विजिलेंस थाने में पंजीकृत मुकदमा संख्या 6/2026 के तहत बुधवार को की गई।
सूत्रों के अनुसार आरोपी ने प्रमोशन कराने के नाम पर पीड़ित से धनराशि की मांग की थी। शिकायत मिलने पर सतर्कता विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते समय दबोच लिया। इस कार्रवाई से विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान डीपीओ कार्यालय के अधिकारी धर्मवीर सिंह का नाम भी सामने आया है, जिसके बाद सतर्कता टीम ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।