एलपीजी कालाबाजारी पर सख्ती, क्यूआरटी टीम सक्रिय

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी टीमें गठित की गई हैं। टीमों ने विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर मांग, आपूर्ति व वितरण व्यवस्था की जांच की।
कंट्रोल रूम के माध्यम से 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की गई। आज जिले में 16,511 घरेलू और 153 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की गई, जबकि पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध है। सेलाकुई क्षेत्र में पाण्डेय स्टोर पर छापेमारी कर 14.2 किलो के 2 और 5 किलो के 5 सिलेंडर व रिफिलिंग किट जब्त की गई। सिलेंडर गैस एजेंसी को सुपुर्द किए गए, जबकि आरोपी के खिलाफ थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज किया गया।