एसएसपी दून सख्त: नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, प्रेमनगर में चला व्यापक सत्यापन अभियान

देहरादून। एसएसपी दून के निर्देश पर प्रेमनगर क्षेत्र में पुलिस ने व्यापक सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया। एसपी सिटी के नेतृत्व में विभिन्न टीमों ने हॉस्टल और पीजी में रह रहे बाहरी छात्रों का सत्यापन किया।
पुलिस ने सभी संचालकों को 100ः सत्यापन, सीसीटीवी अनिवार्य करने और रात 10 बजे के बाद प्रवेश प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए। बिना सत्यापन छात्रों को रखने पर 8 संचालकों का चालान कर 80 हजार जुर्माना लगाया गया। वहीं 75 संदिग्ध छात्रों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 52 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 16 वाहन सीज किए गए। होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स की भी जांच कर निर्धारित समय के बाद संचालन न करने और नशे की गतिविधियों पर सख्ती बरतने की चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शिक्षा की आड़ में माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।