श्रीनगर बनेगा सोलर सिटी, मेयर ने जताया आभार
श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा बैकुंठ चतुर्दशी मेले के अवसर पर की गई घोषणा अब साकार होने जा रही है। नगर निगम श्रीनगर को सोलर सिटी बनाने के संबंध में आदेश जारी होने के बाद यहां ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में नई उम्मीदें जगी हैं।
महापौर आरती भंडारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि सोलर सिटी परियोजना से बिजली खर्च में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। नगर निगम प्रशासन ने प्रारंभिक कार्यों की तैयारी शुरू कर दी है। नगरीय सेवाओं, स्ट्रीट लाइट, पार्क और सार्वजनिक भवनों में सौर ऊर्जा के उपयोग से श्रीनगर एक मॉडल सिटी के रूप में उभरेगा। शहरवासियों में इस फैसले को लेकर खासा उत्साह है।