एसपी ने किया कोतवाली मनेरी का वार्षिक निरीक्षण

उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बुधवार को कोतवाली मनेरी का वार्षिक निरीक्षण कर नशा उन्मूलन, अपराध नियंत्रण तथा सीएम पोर्टल, ऑनलाइन व अन्य माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस, बैरिक, भोजनालय सहित शस्त्रों व आपदा उपकरणों की जांच कर उनकी कार्यशीलता परखी।
एसपी ने लंबित विवेचनाओं, समन-वारंट तामीली व निरोधात्मक कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अभिलेखों को अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए। नशे के सौदागरों पर सख्त कार्रवाई, सत्यापन अभियान व ऑपरेशन स्माइल को प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर दिया। निरीक्षण उपरांत जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व नागरिकों से संवाद कर चारधाम यात्रा-2026, महिला व साइबर अपराध तथा नशा रोकथाम पर चर्चा की गई और बेहतर पुलिसिंग में सहयोग की अपील की गई।