थाना दिवस पर लोगों की समस्याओं का किया समाधान,

चमोली। जनता की समस्याओं को उनके द्वार पर सुनने और समाधान करने की पहल के तहत ’थाना नन्दानगर पुलिस’ द्वारा ग्राम मोख मल्ला में थाना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने थाने में कार्यक्रम रखने के बजाय स्वयं गाँव में पहुँचकर जनता से संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह ने ग्रामीणों से उनकी समस्याएँ सुनीं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि कुछ मामलों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस के इस जनसंपर्क और समस्या निवारण की पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार पुलिस उनकी चौखट पर आई और उनकी बात समझी।

पुलिस का जनजागरूकता अभियान जारी
उधर कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस’ ने कस्बा कर्णप्रयाग, लांगसू और गौचर क्षेत्रों में दुकानदरों, वाहन चालकों और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की।

साइबर ठगों से बचें, जागरूक बनें
थाना पोखरी पुलिस द्वारा कस्बा कनकचौरी में जन-जागरूकता अभियान के तहत चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय व्यापारियों, वरिष्ठ नागरिकों, वाहन चालकों व यात्रियों को साइबर अपराधों के बढ़ते तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई।
छात्राओं को डाउनलोड कराया गौरा शक्ति एप
महिला सुरक्षा व साइबर जागरूकता के तहत पौड़ी पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में कोतवाली पौड़ी व थाना देवप्रयाग पुलिस टीमों ने स्थानीय महिलाओं एवं छात्राओं के मोबाइल में ’गौरा शक्ति ऐप डाउनलोड करवाकर जागरूकता बढ़ाई। साथ ही साइबर अपराध, महिला अपराध, नशा मुक्ति, डिजिटल फ्रॉड और यातायात नियमों पर भी जानकारी दी गई।