श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने दी पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि

श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने दी पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि


हरिद्वार। पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर श्री अखंड परशुराम अखाड़ा के कार्यकर्ताओं ने मालवीय घाट पर मां गंगा को पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने इसे देश के इतिहास का अत्यंत पीड़ादायक दिन बताते हुए केंद्र सरकार से 14 फरवरी को आधिकारिक शहीद दिवस घोषित करने और अवकाश देने की मांग की। कथावाचक पवन कृष्ण शास्त्री ने मां गंगा से शहीदों की आत्मा की शांति और सीमाओं पर तैनात सैनिकों को बल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने युवाओं से सैनिकों का सम्मान व उत्साहवर्धन करने तथा धर्म-संस्कृति के संरक्षण का आह्वान किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में आचार्य इतीस भदूला, सचिन चौधरी, कुलदीप कृष्ण चौहान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रक्तदान व सेवा से पुलवामा के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद वीर सैनिकों की स्मृति में गोपीचंद कॉलोनी एकता मंच धीरवाली, ज्वालापुर एवं ब्लड वॉलंटियर हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर आशुतोष शर्मा तथा आदेश चौहान ने कहा कि रक्तदान एक महान सेवा है, जिससे एक दान से तीन जरूरतमंदों की जान बच सकती है। उन्होंने इसे शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया। गोपीचंद एकता मंच के महामंत्री मनोज शर्मा ने संस्था के सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। जिला रक्त कोष के डॉ. अंकुर सैनी के अनुसार शिविर में 45 यूनिट रक्त संग्रह हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *