उत्तरकाशी में ‘’संकल्प संवाद’’ पोर्टल शुरू, अब घर बैठे होगा समस्याओं का समाधान

उत्तरकाशी। दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को राहत देते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने ‘संकल्प संवाद’ पोर्टल www.sankalpsanwad.com का शुभारंभ किया है। इस पहल के तहत अब नागरिक बिना जिला मुख्यालय आए सीधे प्रशासन से जुड़कर अपनी समस्याएं और सुझाव रख सकेंगे। पोर्टल का संचालन 9 अप्रैल से शुरू होगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
नई व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 12रू30 से 2रू00 बजे तक जिलाधिकारी स्वयं नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे। बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी और गुरुवार को अपर जिलाधिकारी इसी समय पर संवाद कर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच दूरी कम करना, शिकायत निवारण प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाना तथा दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है। यह कदम सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत करेगा। इसके बाद जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयभारत सिंह और अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।