आरटीआई में खुलासा: दरगाहपुर गाँव में कागज़ों में बनी सड़क, मौके पर गायब

आरटीआई में खुलासा: दरगाहपुर गाँव में कागज़ों में बनी सड़क, मौके पर गायब
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / मोहम्मद साजिद,
लक्सर (हरिद्वार)। लक्सर ब्लॉक के ग्राम दरगाहपुर में सड़क निर्माण को लेकर बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। आरटीआई कार्यकर्ता कपिल कुमार गोयल ने खुलासा किया है कि गांव में दो स्थानों पर विधायक निधि से सड़क निर्माण के लिए राशि जारी की गई, निर्माण बोर्ड भी लगाए गए, लेकिन मौके पर सड़क अस्तित्व में ही नहीं है। आरटीआई से मिली जानकारी के अनुसार विभाग ने इन दोनों सड़कों को “पूर्ण” बताया है।
इस खुलासे के बाद ग्रामीणों ने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि स्थानीय प्रशासन ने जांच की जिम्मेदारी उसी कार्यदायी संस्था को सौंप दी जो खुद इस कार्य में संलिप्त है, जिससे निष्पक्ष जांच की उम्मीद कम है। मंगलवार को समाजसेवी प्रमोद खारी गांव पहुँचे और मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह जनता के धन की खुली लूट है। अगर 11 नवंबर तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे गांव में धरने पर बैठेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में सड़क के नाम पर केवल बोर्ड लगे हैं, सड़क नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो गांव के लोग आंदोलन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *