सीएम घोषणाओं की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में एनआईसी कक्ष में मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यों की स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

जिलाधिकारी ने पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार, लैंसडाउन, चौबट्टाखाल और यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्रों में पूर्ण और लंबित घोषणाओं की जानकारी लेते हुए धन आवंटन, वित्तीय व भौतिक प्रगति तथा समयसीमा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से लंबित कार्यों पर स्पष्ट जवाब-तलब करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में अपेक्षित प्रगति न दिखाने वाली कार्यदायी संस्थाओं को बदला जाएगा।

उन्होंने सभी विभागों को गुणवत्ता के साथ तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए गए। डीएम ने कहा कि घोषणाओं के पूर्ण होने से जनपद में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।