देवाल कौथिग का समापन, व्यापक आयोजन का लिया संकल्प

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो/हरेंद्र बिष्ट
थराली/देवाल। शिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय देवाल कौथिग का रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य समापन हो गया। इस दौरान आयोजन समिति ने अगले वर्ष मेले को और अधिक व्यापक व आकर्षक स्वरूप में आयोजित करने का संकल्प लिया।
कौथिग का उद्घाटन मुख्य अतिथि थराली क्षेत्र प्रमुख प्रवीण पुरोहित एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संदीप पटवाल ने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने देवाल कौथिग को पिंडर घाटी की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा बताते हुए कहा कि ऐसे कौथिग सामाजिक ताने-बाने को सुदृढ़ बनाए रखते हैं और इनके संरक्षण व विकास के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
समापन अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मेला समिति अध्यक्ष लखन रावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जनसहयोग से आयोजित इस कौथिग को अगले वर्ष और भव्य बनाया जाएगा। महिला मंगल दलों, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं तथा निलेश डांस ग्रुप बागेश्वर के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।