रानी अहिल्याबाई ने करूण, सेवा और धर्मनिष्ठा से भारतीय इतिहास में प्राप्त किया अद्वितीय स्थान: मुख्यमंत्री

रानी अहिल्याबाई होल्कर की जन्मजयंती पर किया नमन

 

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में त्याग, सेवा और समर्पण की प्रतिमूर्ति अहिल्याबाई होल्कर को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने करुणा, सेवा और धर्मनिष्ठा से भारतीय इतिहास में अद्वितीय स्थान प्राप्त किया।

उन्होंने शासन को केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा, न्याय और धर्म की पुनर्स्थापना का साधन बनाया। उन्होंने काशी विश्वनाथ से लेकर सोमनाथ, द्वारका से लेकर रामेश्वरम, अयोध्या और मथुरा के साथ ही हमारी देवभूमि के बद्रीनाथ, केदारनाथ और हरिद्वार में मंदिरों और घाटों का जीर्णाेद्वार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कई धर्मशालाओं और रास्तों के निर्माण के साथ ही जनसेवा के अनेक कार्य कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने भारत में धर्मस्थलों का पुनर्निर्माण कर भारत की सांस्कृतिक आत्मा को पुनर्जीवित करने का कार्य किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज, जनप्रतिनिधिगण और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

रानी अहिल्याबाई ने किया समाज को एक नई दिशा देने का काम

हरिद्वार। देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वी जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा मालवीय द्वीप, हर की पौड़ी पर गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने समाज को एक नई दिशा देने का काम किया। नारी नेतृत्व को एक नई दिशा व नई ऊंचाई तक पहुंचाने का काम किया है। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर आदर्श नारी शक्ति की प्रतीक है। इस अवसर पर महापौर किरण जैसल, दायित्वधारी राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, ओमप्रकाश जमदग्नि, संदीप गोयल, आशु चौधरी आदि उपस्थित थे।

 

रानी अहिल्याबाई होल्कर को दी श्रद्धांजलि

रूड़की। राज्यमंत्री ऋषि कंडवाल ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित। बताया कि किस प्रकार अहिल्याबाई होल्कर ने धर्म, समाज एवं जनसेवा के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दिया और भारतीय इतिहास में एक आदर्श शासक के रूप में अपनी अमिट छवि बनाई। कार्यक्रम के अंत में राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ समाज को अपने ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना भी आवश्यक है। प्रदेश सरकार जनकल्याण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *